Uncategorized

सुंदरनगर में ‘अंतरपीढ़ीगत बंधन’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित

समाज के विकास में युवाओं की ऊर्जा और बुजुर्गों का अनुभव जरूरी: अमर नेगी

सुंदरनगर, 13 मार्च, ( सूत्र )


सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा सुंदरनगर में “अंतरपीढ़ीगत बंधन” विषय पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों और युवाओं के बीच बढ़ते अंतर को आपसी समझ, संवाद और सहभागिता के माध्यम से मजबूत संबंधों में बदलना था।

एसडीएम अमर नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग सौभाग्यशाली हैं कि यहां आज भी अंतरपीढ़ीगत बंधन मजबूत रूप में देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती समय प्रबंधन की है। युवाओं को अपने कार्यों के साथ-साथ बुजुर्गों के साथ समय बिताने की आदत विकसित करनी चाहिए, क्योंकि समय एक बार निकल जाने के बाद वापस नहीं आता। उन्होंने कहा कि अक्सर माता-पिता की सही सलाह का महत्व समय बीतने के बाद समझ में आता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा से युवाओं को बहुत कुछ सीखने को मिलता है, लेकिन जीवन के वास्तविक अनुभव बुजुर्गों के साथ समय बिताने से ही प्राप्त होते हैं। वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा मिलकर समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी समीर तथा तहसील कल्याण अधिकारी विक्रांत जग्गा भी उपस्थित रहे। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक तथा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर संसाधन व्यक्ति स्वास्थ्य विभाग की सुनीता कुमारी ने जीवन के विभिन्न चरणों में होने वाले शारीरिक और मानसिक परिवर्तनों की जानकारी दी। वहीं संसाधन व्यक्ति कृष्ण लाल ने युवाओं को खेलों में भविष्य बनाने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रतिष्ठित साहित्यकार भीम सिंह, सुरेंद्र मिश्रा, रतन लाल शर्मा और हेमराज मुकेश भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विचारों के माध्यम से पीढ़ियों के बीच संवाद और सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल, एमएलएसएम कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं देहरी स्थित वृद्ध आश्रम के संचालक डॉ. पदम सिंह गुलेरिया, स्कूलों के अध्यापकगण तथा सुंदरनगर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!