Uncategorized

आईटीआई के प्रशिक्षुओं को बताई थल सेना की अग्निवीर भर्ती योजना

हमीरपुर 23 फरवरी

भारतीय थल सेना की अग्निवीर भर्ती योजना की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने के लिए थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर ने आईटीआई हमीरपुर में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।

इस अवसर पर मेजर हरीश ने आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों को सेना में भर्ती की चयन प्रक्रिया, पात्रता, मानदंड एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाआंें की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आईटीआई डिप्लोमाधारकों को भर्ती प्रक्रिया में 20 अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। एनसीसी के ए, बी और सी प्रमाण पत्र धारक अभ्यर्थियों को उनके प्रमाण पत्र के अनुसार लिखित प्रतियोगी परीक्षा में अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय थल सेना की आधिकारिक वेबसाइट ज्वाइनइंडियनआर्मी.एनआईसी.इन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि भारतीय थल सेना की अग्निपथ अग्निवीर योजना के अंतर्गत कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) भर्ती-2026 की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग-अलग रखी गई है।

सामान्य तौर पर 8वीं, 10वीं या 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन के पात्र हैं। योग्य उम्मीदवार विभिन्न अग्निवीर पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि एक अप्रैल निर्धारित की गई है।

आवेदक की न्यूनतम आयु सीमा एक जुलाई 2026 को साढे सतरह वर्ष से 22 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। यानि एक जुलाई 2005 से एक जुलाई 2009 के बीच जन्में अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने मेजर हरीश और उनकी टीम के अन्य सदस्यों हवलदार प्रदीप तथा विकास का धन्यवाद किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!