शिवरात्रि महोत्सव–2026 की सफलता हेतु विधायक किशोरी लाल ने की पूजा अर्चना
महाशिवरात्रि ओपन रैपिड चैस चैंपियनशिप का शुभारंभ एवं क्रिकेट टूर्नामेंट में विजेता-उपविजेता टीमों को किया सम्मानित

बैजनाथ,14 फरवरी( सूत्र ) बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल ने राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव–2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की कामना करते हुए पवित्र बैजनाथ शिव मंदिर तथा आवाही नाग मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर देव आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं सतत प्रगति के लिए प्रार्थना की।

विधायक ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं का प्रतीक है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने सभी विभागों, आयोजन समिति तथा क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने हेतु सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

इसी कड़ी में शिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य पर आयोजित प्रथम महाशिवरात्रि ओपन रैपिड चैस चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ महाराजा पैलेस, बैजनाथ में हुआ जिसमें विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज जैसे बौद्धिक खेल युवाओं में रणनीतिक सोच, धैर्य एवं निर्णय क्षमता का विकास करते हैं।


उन्होंने आयोजकों को इस अभिनव पहल के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा व्यक्त की।

इसके उपरांत विधायक ने नागमोड़ ग्राउंड में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में भाग लिया। प्रतियोगिता में स्नो टाइगर पालमपुर की टीम विजेता रही, जिसे 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि भोरा 11 टीम उपविजेता रही और उसे 31 हजार की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।

विधायक ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियाँ युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं तथा उनमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से शिवरात्रि महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया, ताकि यह आयोजन भव्य, सफल एवं स्मरणीय बन सके। इस अवसर पर पूर्व प्रधान मंजीत, अशोक अवस्थी, जगत राम, मुनीष घबरो, अतुल चौधरी (युवा कांग्रेस अध्यक्ष), सर्वन डोगरा, मंजीत कटोच सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




