Uncategorized

आईटीआई सुंदरनगर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित

सुंदरनगर, 11 फरवरी :- राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पीडब्ल्यूडी सुंदरनगर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस – एआई) विषय पर एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षकों को आधुनिक तकनीकों, विशेषकर एआई के महत्व, उपयोगिता तथा भविष्य में इसके बढ़ते प्रभाव के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू), शिमला से पधारे प्रोफेसर संजय शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार साझा किए। उन्होंने सरल एवं प्रभावशाली भाषा में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणा, इसके वर्तमान परिदृश्य तथा शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

प्रोफेसर शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में एआई तकनीक युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को समय के साथ स्वयं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने तथा निरंतर सीखने की आदत विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने एआई के संभावित लाभों के साथ-साथ इससे जुड़ी चुनौतियों और नैतिक पक्ष पर भी प्रकाश डाला तथा तकनीक का सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारी एवं स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। अंत में संस्थान प्रशासन की ओर से प्रोफेसर संजय शर्मा को सम्मानित कर उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया। संस्थान प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की, ताकि विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों से अवगत होने का अवसर मिलता रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!