प्रोटेक्टिव एजिंग” कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए समावेशी खेल महोत्सव आयोजित

बिलासपुर, 13 मार्च ( सूत्र )

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला प्रशासन बिलासपुर के सौजन्य से “प्रोटेक्टिव एजिंग” कार्यक्रम के अंतर्गत लुहणू ग्राउंड में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए समावेशी खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के समापन समारोह में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा विभिन्न खेल गतिविधियों में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।


इस अवसर पर बोलते हुए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सक्रिय, स्वस्थ एवं सामाजिक रूप से जुड़ा हुआ रखना है। ऐसे कार्यक्रम समाज में समावेशिता और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं।


उन्होंने कहा कि इस दौरान कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर आयोजित मटका फोड़ प्रतियोगिता में सुमन शर्मा विजेता रहीं। बोरी दौड़ में प्रथम स्थान गीता देवी ने प्राप्त किया, जबकि दूसरा स्थान रंजना तथा तीसरा स्थान रवि ने हासिल किया। इसी तरह लेमन रेस में प्रथम स्थान हेम लता, द्वितीय स्थान रेनू तथा तृतीय स्थान मीना ने प्राप्त किया।

इस दौरान आयोजित की गई 100 मीटर दौड़ (विशेष रूप से सक्षम वर्ग) में आयुषी प्रथम, आशीष द्वितीय तथा रवि तृतीय स्थान पर रहे। सहायक दौड़ में प्रीतम ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि दूसरे स्थान पर जुनेश रहे। तुम चलो प्रतियोगिता में सुरेश ने प्रथम, चुनी लाल ने द्वितीय तथा गरजा राम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

बोची प्रतियोगिता में विजयपुर के गोरख, दिव्यांशु व व्यास की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि दूसरा स्थान आशा किरण संस्थान की टीम लक्ष्मी दत्त, सुरजीत, लखन तथा तीसरा स्थान चेतना बिलासपुर से सक्षम, राहुल, रवि की टीम ने हासिल किया। 100 मीटर रेस (महिला वर्ग) में रंजना प्रथम, सुनीता द्वितीय तथा सुषमा तृतीय स्थान पर रहीं। चेस प्रतियोगिता में सुमन, अखिल, राकेश, लग्नेश और रंजना विजेता रहे।

इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, प्रभारी कहलूर स्पोर्ट कॉम्पलेक्स मनोज ठाकुर, तहसील कल्याण अधिकारी कमल कांत, सुरेंद्र, सचिव रेड क्रॉस सोसाइटी अमित कुमार, प्रकाश बंसल, सुरेश नड्डा, अश्वनी शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




