नेसंग में संयुक्त जागरूकता शिविर आयोजित

रिकांगपिओ, 7 मार्च ( सूत्र )

पूह उपमंडल की सीमावर्ती ग्राम पंचायत नेसंग में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह श्री रविंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में एक दिवसीय संयुक्त जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस भी मनाया गया।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह ने उपस्थित लोगों को वन अधिकार अधिनियम 2006 के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की तथा जनजातीय जिला किन्नौर के लोगों से आह्वान किया कि वे युवा वर्ग में नशे की बढ़ती समस्या को समाप्त करने पर विशेष ध्यान दें ताकि सशक्त समाज का निर्माण संभव हो सके।

इसके अतिरिक्त,उन्होंने उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली स्थानीय महिलाओं को सम्मानित भी किया।

इस आयोजन में महिला एवं बाल विकास अधिकारी पूह श्रीमती सुभद्रा नेगी ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ (उद्यान) पूह डॉ. देव राज कायथ ने बागवानी विभाग में वर्तमान राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत करवाया तथा बगीचों में किए जाने वाले आवश्यक कार्यों की जानकारी दी।

इस संयुक्त जागरूकता शिविर में कृषि, पशुपालन, श्रम कल्याण, महिला एवं बाल विकास, राज्य सहकारी बैंक, नाबार्ड व ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों द्वारा वर्तमान प्रदेश सरकार की जनहितैषी एवं समावेशी योजनाओं पर प्रकाश डाला।




