हमीरपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत में 3234 केसों का निपटारा

हमीरपुर 14 मार्च ( सूत्र )

अदालतों में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए जिला हमीरपुर के तीन न्यायिक परिसरों हमीरपुर, नादौन और बड़सर में भी राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई गई। जिला एवं सत्र न्यायधीश और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष भुवनेश अवस्थी की अध्यक्षता में लगाई गई इन लोक अदालतों में कई केसों की सुनवाई की गई तथा कई मामलों का त्वरित निपटारा कर दिया गया।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान सुनवाई के लिए आए कुल 8810 केसों में से 3234 का त्वरित निपटारा कर दिया गया। इन केसों में 86.50 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।

कुलदीप शर्मा ने बताया कि इनमें से प्री-लिटिगेशन के 914 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से 90 का निपटारा कर दिया गया। इनमें 10.03 लाख रुपये की राशि वसूल की गई। पोस्ट-लिटिगेशन के 574 मामलों में से 341 का निपटारा कर दिया गया और इनमें 66.28 लाख रुपये से अधिक राशि वसूली गई। मोटर वाहन अधिनियम के 7322 केसों में से 2803 केस निपटा दिए गए और इनमें 10.18 लाख रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत एक बहुत ही अच्छा माध्यम है। समय-समय पर राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जाती है। लोगों को इनका लाभ उठाना चाहिए। इससे उनके समय और धन की बचत होगी।




