Uncategorized

विशेष रूप से सक्षम बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिक समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा: राहुल कुमार

उपायुक्त ने अंतरपीढ़ी समन्वय कार्यक्रम के तहत विशेष बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

बिलासपुर, 28 फरवरी

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज उपायुक्त कार्यालय परिसर से अंतरपीढ़ी समन्वय कार्यक्रम के तहत विशेष बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के दल को दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल अमृतसर में वाघा वोर्डर के साथ-साथ स्वर्ण मंदिर तथा जलियांवाला बाग का भ्रमण करेगा।

जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला कल्याण अधिकारी के सहयोग से अंतरपीढ़ी समन्वय कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धाश्रम “अपना घर” देओली एवं विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान “नया सवेरा” नसवाल, घुमारवीं के लिए इस दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया जा रहा है।

इस यात्रा दल में वृद्धाश्रम “अपना घर” एवं डे-केयर सेंटर के 14 वरिष्ठ नागरिकों सहित 7 स्टाफ सदस्य तथा “नया सवेरा” संस्थान के 15 विशेष रूप से सक्षम बच्चे एवं 6 स्टाफ सदस्य शामिल हैं। यह दल आज वाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट परेड का अवलोकन करेगा, जिसके लिए बैठने की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन अमृतसर के सहयोग से सुनिश्चित की गई है। दल अमृतसर में रात्रि विश्राम करेगा तथा एक मार्च को स्वर्ण मंदिर एवं जलियांवाला बाग का भ्रमण करेगा।

इस अवसर पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि विशेष रूप से सक्षम बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिक समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण और सम्माननीय हिस्सा हैं। उन्हें भी अन्य नागरिकों की भांति समान अवसर, सम्मान एवं सहभागिता का अधिकार है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से इन वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ा जाए तथा उन्हें नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि अंतरपीढ़ी समन्वय कार्यक्रम के तहत जिला में वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और बच्चों के संयुक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम, अनुभव साझा सत्र, स्वास्थ्य शिविर, विद्यालयों में प्रेरक संवाद, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आपसी समझ, संवेदनशीलता एवं सम्मान की भावना को सुदृढ़ किया जा सके।

राहुल कुमार ने इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी शाखा बिलासपुर, मानव सेवा ट्रस्ट तथा नया सवेरा संस्थान का इस यात्रा के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न संगठनों के सहयोग से ही ऐसे संवेदनशील एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम सफल हो पाते हैं।

उपायुक्त ने वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों को फल एवं अल्पाहार वितरित कर सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं तथा साथ जा रहे स्टाफ को यात्रा के दौरान विशेष देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस यात्रा दल का नेतृत्व प्रकाश बंसल, अध्यक्ष मानव सेवा ट्रस्ट तथा सविता कुमारी, बाल कल्याण अधिकारी द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी आर.सी. बंसल, सचिव रेडक्रॉस, शाखा बिलासपुर अमित कुमार भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!