Uncategorized

सरस मेले से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल: मुकेश अग्निहोत्री

14 राज्यों के 96 स्टॉल सजे, महिला समूहों के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

मंडी, 16 फरवरी ( ਸੂਤਰ ) अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में इंदिरा मार्केट मंडी में आयोजित सरस मेले का शुभारंभ उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए कहा कि सरस मेला ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तिकरण तथा स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहन देने का प्रभावी मंच है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं और लोगों से मेले में अधिक संख्या में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील की।
मंडी सरस मेला 16 से 25 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष हिमाचल प्रदेश सहित कुल 14 राज्यों की सहभागिता है।

प्रदेश के सभी 12 जिलों और मंडी जिले के सभी 14 विकास खंडों के स्वयं सहायता समूह इसमें भाग ले रहे हैं। मेले में कुल 96 स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जिनमें 15 स्टॉल स्थानीय व्यंजनों के लिए समर्पित हैं, जबकि अन्य स्टॉलों पर हैंडलूम, हस्तशिल्प, फूड प्रोसेसिंग तथा विविध ग्रामीण उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

सरस मेला स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प तथा ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है और यह स्थानीय लोगों व पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर, जिला कांग्रेस समिति अध्यक्ष चंपा ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, जिला विकास अधिकारी गोपी चंद पाठक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!