Uncategorized

शिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में मंडी नगर के पांच सौ वर्षों की यात्रा पर आयोजित होगा मंडी कला उत्सव- रोहित राठौर

इच्छुक कलाकार 15 फरवरी शाम पांच बजे तक भेज सकेंगे ऑनलाईन आवेदन

मंडी, 13 फरवरी ( सूत्र ) अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के अवसर पर इस वर्ष मंडी नगर की 500 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पूर्ण होने का गौरवपूर्ण उत्सव भी मनाया जा रहा है। देवभूमि हिमाचल की छोटी काशी मण्डी में आयोजित होने वाला यह महोत्सव आस्था, परंपरा और लोक-संस्कृति का जीवंत संगम है, जहां देवी-देवताओं की सहभागिता के साथ देश-विदेश से कला, संगीत और जन-उत्सव का अनूठा स्वरुप देखने को मिलता है।

नगर निगम के आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि को स्मरणीय एवं जन भागीदारी से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से नगर निगम मण्डी द्वारा “मंडी कला उत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत शहर के ऐतिहासिक एवं प्रमुख स्थलों जैसे इंदिरा मार्किट, संकन गार्डन तथा आस-पास के अन्य चयनित क्षेत्रों में वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता शिवरात्रि की आध्यात्मिक चेतना, मण्डी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक-देवताओं की परंपरा तथा आधुनिक सृजनात्मक अभिव्यक्ति को इन चित्रों के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकार भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी 15 फरवरी, 2026 को सायं 5.00 बजे तक अपने आवेदन अपनी पहले बनाई गई कलाकृतियों (आर्ट वर्क) के छायाचित्र सहित ई-मेल mandiartfestival@gmail.com पर भेज सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्राप्त कलाकृतियों के छायाचित्र की विधिवत जांच एवं छंटनी उपरांत ही चयनित आवेदकों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

रोहित राठौर ने बताया कि यह प्रतियोगिता 17 फरवरी, 2026 से आरंभ होकर 18 फरवरी, 2026 को संपन्न होगी। शॉर्टलिस्ट किए गए प्रतिभागियों व टीमों को नगर निगम मण्डी द्वारा ठहरने एवं भोजन की आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिभागियों में से प्रथम तीन विजेताओं को उनकी उत्कृष्ट कला के लिए क्रमशः 21,000 रुपए, 10,000 एवं 7,000 रुपए के आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इच्छुक कलाकार अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए दूरभाष नंबर 01905-222146, 7018264105 तथा 7888790292 (व्हट्सएप्प) पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने इच्छुक कलाकारों से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रविष्टियां भेजकर इस प्रतियोगिता में सहभागिता सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!