कृषि और स्वरोजगार को मिला वित्तीय संबल, तीसरी तिमाही तक 2686.43 करोड़ रुपये के ऋण वितरित
उपायुक्त जतिन लाल ने की जिला स्तरीय बैंक सलाहकार समिति की बैठक

ऊना, 12 फरवरी ( सूत्र ) किसानों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े उद्यमियों को वित्तीय मजबूती प्रदान करते हुए ऊना जिले के बैंकों ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही तक 2686.43 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए हैं।

इसमें 557.41 करोड़ रुपये कृषि क्षेत्र तथा 139.21 करोड़ रुपये प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत वितरित किए गए, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और लघु उद्यमों को सीधा बल मिला है।

यह जानकारी उपायुक्त जतिन लाल ने गुरुवार को जिला स्तरीय बैंक सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। इस दौरान ऊना विधानसभा के विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

उपायुक्त ने बताया कि मार्च 2026 तक निर्धारित 3167.11 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले दिसंबर तिमाही 2025 तक 2686.43 करोड़ रुपये का वितरण किया जा चुका है।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 16622.83 करोड़ रुपये हो गई है, जिसमें 14.26 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं कुल ऋण 13.29 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5158.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

जिला का ऋण-जमा अनुपात 31.04 प्रतिशत रहा है। उन्होंने कहा कि इस अनुपात में सुधार के लिए बैंकों और संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।




