जयदेवी स्कूल के विद्यार्थियों को दी बागवानी की जानकारी

सुंदरनगर 21 फरवरी

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयदेवी के कृषि विषय के विद्यार्थियों ने जॉब ट्रेनिंग के तहत एचपी शिवा क्लस्टर खगराओं, विकासखंड सुंदरनगर का शैक्षणिक भ्रमण किया।

उद्यान विकास अधिकारी सुंदरनगर डॉ. अनुपमा मैहरा ने ‘अपना विद्यालय – द हिमाचल स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम’ के अंतर्गत गोद लिए गए स्कूल के विद्यार्थियों को बागवानी से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने फल पौधारोपण, बागवानी प्रबंधन तथा अन्य संबंधित गतिविधियों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बागवानी एक लाभकारी व्यवसाय है, जिसके माध्यम से कम क्षेत्रफल में भी अच्छी आय अर्जित की जा सकती है।

डॉ. मैहरा ने जानकारी दी कि एचपी शिवा क्लस्टर खगराओं की स्थापना वर्ष 2022 में उद्यान विभाग द्वारा की गई थी। इस क्लस्टर में प्लम की उन्नत किस्में—रेड ब्यूर, सेंटा रोजा, ब्लैक एंबर एवं फ्रायर—का पौधारोपण किया गया है। वर्तमान में 35 किसान इस परियोजना से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि रेड ब्यूर किस्म के फलों को 195 रुपये प्रति किलोग्राम के बाजार मूल्य पर बेचा गया है।

उद्यान प्रसार अधिकारी नीता ने खगराओं में एचपी शिव परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया की जानकारी दी।
इस अवसर पर वोकेशनल टीचर आशिमा, फैसिलिटेटर मनीषा, क्लस्टर प्रधान संजय सहित अन्य किसान भी उपस्थित रहे।




