Uncategorized

16 फरवरी से 25 फरवरी तक इंदिरा मार्केट की छत पर सजेगा सरस मेला: अपूर्व देवगन

मंडी, 13 फरवरी ( सूत्र ) उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान 16 फरवरी से 25 फरवरी तक इंदिरा मार्केट की छत पर सरस मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में हिमाचल प्रदेश सहित देश के लगभग 16 राज्यों के स्वयं सहायता समूहों एवं हस्तशिल्पकारों की भागीदारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों तथा मंडी जिला के सभी विकास खंडों से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी इसमें उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। मेले में लगभग 90 से 95 स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 15 स्टॉल स्थानीय व्यंजनों के लिए आबंटित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त एक स्टॉल दिव्यांगजन स्वयं सहायता समूह को विशेष रूप से प्रदान किया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि सरस मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पाद मुख्य आकर्षण रहेंगे। यह आयोजन स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने तथा स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरस मेले का अवलोकन करने तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाने का आग्रह किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!